बालाघाट, 9 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के लोगों से उमरा यात्रा के नाम पर ठगी गई 22 लाख रुपये की रकम पुलिस ने अहमदाबाद की एक ट्रेवल एजेंसी से बरामद कर ली है।
बालाघाट के 121 उमरा यात्रियों ने 43 लाख रुपये देकर अहमदबाद के एक एजेंट के जरिए टिकट बुक कराया था। साथ ही पासपोर्ट, वीजा भी उसी के पास थे, लेकिन वे मार्च माह में यात्रा नहीं कर पाए थे। इस पर पीड़ितों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद सेम ट्रेवल्स एजेंसी, अहमदाबाद के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की ओर से गुरुवार को जारी बयान में बताया गया है कि इस मामले की जांच के लिए विशेष कार्य दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। पुलिस ने इस मामले को लेकर गल्फ एयरलाइंस से संपर्क किया, जिसके बाद यात्रियों के साथ धोखाधड़ी की बात सामने आई। यात्रा नहीं करने को लेकर गल्फ एयरलाइंस ने एटलस टूर एंड ट्रेवल्स मुंबई को नौ लाख 81 हजार रुपये और क्रिएटिव टूर एंड ट्रेवल्स मुंबई को 12 लाख 25 हजार रुपये की रकम लौटाई थी। इन दोनों कंपनियों ने यह राशि सेम ट्रेवल्स अहमदाबाद को वापस भेज दी।
बालाघाट पुलिस के एसआईटी दल ने बीते दिनों सेम ट्रेवल्स अहमदाबाद से 22 लाख छह हजार 400 रुपये की राशि बरामद की। यह राशि न्यायालय बालाघाट में पेश की जाएगी।
इस कार्रवाई में एसआईटी में निरीक्षक अभिषेक गौतम, उप निरीक्षक बृजभूषण हिरवे, उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह परिहार, उप निरीक्षक अमित जादौन, उप निरीक्षक ईश्वर सिंह चौहान, उप निरीक्षक सत्येंद्र राजपूत, सहायक उन निरीक्षक इफ्तेखार कुरैशी शामिल थे।
dharmpath.com dharmpath