नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। घरेलू बाजार में उपयोगिता वाहनों की बिक्री मई 2016 में साल-दर-साल आधार पर 35 फीसदी से अधिक बढ़ी। यह जानकारी एक प्रमुख उद्योग संघ द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों से मिली।
सोसाइटी फॉर इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्च र्स (सियाम) के बयान के मुताबिक, उपयोगिता वाहनों का निर्यात भी मई में साल-दर-साल आधार पर 84 फीसदी बढ़ा।
आलोच्य महीने में वाहन कंपनियों ने घरेलू बाजार में 58,793 उपयागिता वाहन बेचे और 11,333 उपयोगिता वाहनों का निर्यात किया।
इस दौरान कारों की बिक्री घरेलू और निर्यात बाजार में क्रमश: 0.86 फीसदी घटकर 158,996 और 11.24 फीसदी घटकर 39,976 रही।
बयान के मुताबिक, दोपहिया वाहनों की घरेलू बिक्री मई में 9.75 फीसदी बढ़ी। इस दौरान मोटरसाइकिल की बिक्री 3.34 फीसदी बढ़ी।
सियाम के उप महानिदेशक सुगातो सेन ने कहा, “ग्रामीण बाजार का अच्छा प्रदर्शन नहीं होने के कारण छोटी कारों की मांग घटी है। इसी तरह मोटरसाइकिल की मांग भी घटी है।”
तिपहिया वाहनों की बिक्री 27.34 फीसदी बढ़कर 46,479 रही। मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 21.03 फीसदी बढ़कर 24,951 रही। वहीं वाणिज्यिक सवारी वाहनों की बिक्री 2.07 फीसदी कम रही।
आलोच्य महीने में हल्के वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 13.86 फीसदी बढ़ी।
निर्यात बाजार में मध्य और भारी वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 31.89 फीसदी बढ़कर 3,482 रही और हल्के वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 6.51 फीसदी घटकर 5,668 रही। समग्र तौर पर वाणिज्यिक वाहनों का निर्यात 5.14 फीसदी बढ़ा।
समग्र वाहनों की घरेलू बिक्री आलोच्य महीने में 9.89 फीसदी बढ़कर 18,50,764 रही, जो एक साल पहले समान अवधि में 16,84,263 थी। निर्यात बाजार में यह बिक्री 3.82 फीसदी घटकर 2,99,413 रही, जो एक साल पहले 3,11,304 थी।
सेन ने कहा, “निर्यात घटने के दीर्घकालिक कारण हैं। उनमें से एक है तेल मूल्य। अफ्रीका, नाइजीरिया और अल्जीरिया जैसे देशों में निर्यात घटने का कारण व्यापार के लिए डॉलर की कमी होना है।”
dharmpath.com dharmpath