नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। एफएमसीजी कंपनी हिन्दुस्तान यूनीलीवर ने महिलाओं में कौशल के विकास के लिए एनआईआईटी लि. और लिक्विड इंडिया के साथ भागीदारी की है, ताकि केंद्र सरकार के ‘स्किल इंडिया’ अभियान के तहत उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके। कंपनी नए प्लेटफार्म के माध्यम से साल 2020 तक 50 लाख से अधिक महिलाओं को कौशल विकास संबंधी कोर्स में प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा है।
कंपनी ने इसके तहत फेयर एंड लवली फाउंडेशन के द्वारा महिलाओं को ध्यान में रखते हुए मोबाइल स्किल बढ़ाने वाले प्लेटफार्म लांच किया है, जिसके तहत एनआईआईटी लि. और लिक्विड एज के पाठ्यक्रमों को मुहैया कराया जाएगा।
महिला शिक्षा के क्षेत्र में पिछले 13 सालों से काम करनेवाली संस्था फेयर एंड लवली फाउंडेशन ने पाया है कि उच्च शिक्षा और रोजगार हेतु कौशल प्राप्त करने में प्रमुख अवरोध गुणवत्तापूर्ण संस्थानों से दूरी और सांस्कृतिक मानदंड हैं। फेयर एंड लवली के मोबाइल कौशल विकास प्लेटफार्म महिलाओं को इन अवरोधों से पार पाने में मदद करेगा, क्योंकि इससे उन्हें प्रशिक्षण सामग्री किसी भी जगह किसी भी समय आसानी से मुहैया कराई जा सकती है। साथ ही संस्थान उन्हें ऑनलाइन कैरियर गाइडेंस और छात्रवृत्ति भी मुहैया कराएगी और ऑफ लाइन सर्टिफिकेशन कोर्स करने में भी मदद करेगी।
इस भागीदारी की घोषणा करते हुए हिन्दुस्तान यूनीलीवर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव मेहता ने कहा, “महिलाओं का सशक्तीकरण यूनीलीवर के लिए व्यापार प्राथमिकता है। हमने फेयर एंड लवली फाउंडेशन की स्थापना महिलाओं के सशक्तीकरण के लक्ष्य के लिए ही की है। फेयर एंड लवली छात्रवृत्ति से पिछले एक दशकों में 1,500 से ज्यादा महिलाओं के जीवन में बदलाव आया है। अब इस नए प्लेटफार्म के माध्यम से हमने साल 2020 तक 50 लाख से अधिक महिलाओं को कौशल विकास संबंधी कोर्स में प्रशिक्षण का लक्ष्य रखा है। इसके लिए हमने दुनिया से सबसे महत्वपूर्ण प्रशिक्षण और कौशल विकास की प्रशिक्षण देने वाली कंपनियों में से एक एनआईआईटी और भाषा प्रशिक्षण मुहैया कराने वाली अग्रणी कंपनी लिक्विड इंग्लिस एज के साथ भागीदारी की है।”
dharmpath.com dharmpath