मुंबई, 10 जून (आईएएनएस)। कोरियोग्राफर-फिल्मकार फराह खान का मानना है कि संपादक-निर्देशक शिरीष कुंदर जैसा पति मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है, क्योंकि वह आठ साल के तीन बच्चों को संभालने में उनकी मदद करते हैं।
‘द तारा शर्मा’ के चौथे सत्र में उपस्थित फराह खान ने कहा कि उनके लिए बाहर कदम रखना इसीलिए संभव है, क्योंकि उनके पति शिरीष काफी मददगार हैं।
फराह ने कहा, “अगर शिरीष न हों, तो मैं यह सब अकेले नहीं कर सकती। उनका साथ है। अगर बाहर जाकर करियर बनाना चाहती हूं तो बच्चों को शिरीष के साथ छोड़कर शूटिग पर जाया जा सकता है, क्योंकि वह काफी मददगार हैं।”
‘ओम शांति ओम’ के निर्देशक ने कहा, “दो दिन वह घर पर नहीं थे। वह अपने संगीत पर काम कर रहे थे, तब मुझे महसूस हुआ कि उनकी अहमियत कितनी है।”
फराह ने 2004 में शिरीष के साथ शादी की थी, और चार वर्ष बाद उनके तीन बच्चे एक साथ हुए- दो बेटियां अन्या कुंदर, दीवा कुंदर और पुत्र जार कुंदर।
‘द तारा शर्मा शो’ का प्रसारण स्टार वल्र्ड और स्टार वल्र्ड एचडी पर 12 जून से होगा। इसमें बच्चों को संभालने और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा होगी, जिसमें विभिन्न मुद्दों पर मशहूर हस्तियों से चर्चा होगी।
इसमें जॉन अब्राहम, सोहा अली खान और क्रिकेटर विराट कोहली जैसे कलाकार भी शामिल होंगे।
dharmpath.com dharmpath