नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। भारत के विकास कृष्ण यादव शनिवार को एआईबीए प्रो बॉक्सिंग (एपीबी) मुकाबले में केन्या के निकसन अबाका का सामना करेंगे। इस मुकाबले के बाद विकास अगले महीने पेशेवर मुक्केबाजों के लिए होने वाले ओलम्पिक क्वालीफायर में हिस्सा ले सकेंगे।
विकास 75 किलोग्राम वर्ग में अपना दूसरा पेशेवर मुकाबला लड़ेंगे। विकास के पास हालांकि ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने का एक और मौका होगा, जब वह 16 जून को अजबैजान के बाकू में शुरू हो रहे क्वालीफाईंग टूर्नामेंट में राष्ट्रीय एमेच्योर टीम के साथ शिरकत करेंगे।
साल 2014 में आयोजित एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वोल विकास ने कहा है कि अगर वह बाकू में होने वाले क्वालीफाईंग के माध्यम से ओलम्पिक सीट हासिल कर लेंगे तो उनके लिए वेनेजुएला में पेशेवर मुक्केबाजों के लिए होने वाले ओलम्पिक क्वालीफाईंग टूर्नामेंट का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।
विकास ने हालांकि कहा कि वह 3 से 8 जुलाई तक होने वाले इस क्वालीफाईंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेना चाहेंगे क्योंकि वह ओलम्पिक से पहले अनुभव बटोरना चाहते हैं।
विकास ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “बीते तीन या चार साल में भारतीय मुक्केबाजों को प्रतिस्पर्धी माहौल नहीं मिला है। मुक्केबाजी महासंघ में जारी अंदरूनी लड़ाई के कारण हम अच्छी तैयारी नहीं कर सके हैं। ऐसे में अगर मैं बाकू के माध्यम से ओलम्पिक की सीट हासिल कर लेता हूं तो भी मैं वेनेजुएला जाना चाहूंगा क्योंकि यह मेरे अनुभव और तैयारी के लिहाज से अच्छा रहेगा।”
24 साल के विकास 2011 में विश्व चैम्पियनशिप में वेल्टरवेट (69 किलोग्राम) वर्ग में कांस्य पदक जीत चुके हैं।
विकास ने कहा कि वह पेशेवर और एमेच्योर स्तर पर लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बकौल विकास, “मैंने बीते कुछ महीनों में काफी मेहनत की है। मैं लगातार छह से आठ राउंड के मुकाबले की तैयारी कर रहा हूं। साथ ही मैं अपनी ताकत और स्टेमिना पर काम कर रहा हूं।”
विकास के प्रतिद्वंद्वी केन्या के अबाका 34 साल के लम्बे कद के मुक्केबाज हैं और वह वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में कांस्य पदक जीत चुके हैं।
विकास और अबाका का मुकाबला नोएडा के ग्रेट इंडिया प्लेस में होगा। मुकाबले सात बजे शाम से शुरू होंगे और इस दौरान कई अन्य मुकाबले भी होंगे।
91 किलोग्राम वर्ग में कुलदीप सिह का सामना दावांशू जायसवाल से होगा जबकि इसी वर्ग में बृजेश यादव का सामना हरजिंदर सिंह से होगा। इसी तरह 56 किलोग्राम वर्ग में मदन लाल का सामना संदीप बागरी से होगा।
यह आयोजन दिल्ली एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष रोहित जैनेंद्र जैन द्वारा वित्तपोषित है। जैन शैल ग्रुप के प्रमुख हैं।
dharmpath.com dharmpath