मप्र में राज्यसभा की 3 सीटों के लिए मतदान

भोपाल, 11 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए विधानसभा में मतदान शनिवार को शुरू हो गया है, जिसमें 228 विधायक हिस्सा ले रहे हैं। कांग्रेस के सभी विधायक एक साथ बस में सवार होकर विधानसभा पहुंचे।

भाजपा के विधायक एक-एक कर विधानसभा पहुंच रहे हैं। मतदान केंद्र के बाहर कांग्रेस विधायकों की लंबी कतार लगी हुई है।

राज्यसभा की तीन सीटों के लिए हो रहे चुनाव में भाजपा के दो उम्मीदवार अनिल माधव दवे और एम.जे. अकबर की जीत तय मानी जा रही है, वहीं एक निर्दलीय उम्मीदवार विनोद गोटिया को भाजपा ने समर्थन दिया है। कांग्रेस के उम्मीदवार विवेक तन्खा के समर्थन में 57 विधायक हैं। बसपा के चार विधायकों का भी समर्थन तन्खा को मिला है। इस तरह तन्खा की भी जीत आसान लग रही है। उन्हें जीत के लिए 58 विधायकों का समर्थन चाहिए।

राज्य विधानसभा में कुल 230 सदस्य हैं, जिनमें से एक की गुरुवार रात को सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक विधायक को सर्वोच्च न्यायालय ने मतदान में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी। इस तरह कुल 228 विधायक ही मतदान में हिस्सा ले सकेंगे।

इनमें से 227 को मतदान केंद्र पहुंचकर प्रत्यक्ष तौर पर मतदान करना होगा, जबकि कांग्रेस के विधायक सत्यदेव कटारे के लिए डाक मतपत्र मुंबई भेजा गया है। मुंबई में उनका एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

राज्य में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चार उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान विधानसभा भवन के समिति कक्ष दो में सुबह नौ बजे शुरू हो गया जो शाम चार बजे तक चलेगा। मतगणना शाम पांच बजे शुरू होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493