मप्र : राज्यसभा चुनाव में बसपा विधायक भी पहुंचे वोट डालने (लीड-1)

भोपाल, 11 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए विधानसभा भवन में मतदान हो रहा है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के चारों विधायक भी मतदान करने पहुंच गए हैं। बसपा विधायकों ने एक स्वर में कांग्रेस उम्मीदवार विवेक तन्खा के समर्थन में मतदान का वादा किया है।

मतदान सुबह नौ बजे मतदान शुरू हो गया। मतदान में 228 विधायक हिस्सा लेंगे। कांग्रेस के सभी विधायक एक साथ बस में सवार होकर मतदान के लिए विधानसभा पहुंचे।

मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद तक बसपा विधायक मतदान करने नहीं पहुंचे तो कई तरह के कयास लगाए जाने लगे, लेकिन लगभग 11 बजे बसपा के चारों विधायक एक साथ मतदान करने के लिए विधानसभा पहुंच गए। चारों विधायकों ने एक स्वर में संवाददाताओं से कहा कि वे तन्खा के पक्ष में ही मतदान करेंगे।

कांग्रेस के सभी विधायक शुक्रवार को कमलनाथ के आवास पर रात्रिभोज के बाद शहर के एक होटल में चले गए थे और वहीं पूरी रात गुजारने के बाद शनिवार की सुबह वे बस में सवार होकर मतदान करने विधानसभा पहुंचे। भाजपा के भी सभी विधायक मतदान करने विधानसभा पहुंच गए हैं।

राज्यसभा की तीन सीटों के लिए हो रहे चुनाव में भाजपा के दो उम्मीदवार अनिल माधव दवे और एम.जे.अकबर की जीत तय मानी जा रही है, वहीं एक निर्दलीय उम्मीदवार विनोद गोटिया को भाजपा ने समर्थन किया है। कांग्रेस के उम्मीदवार विवेक तन्खा के समर्थन में 57 विधायक हैं। बसपा के चार विधायकों का भी समर्थन उन्हें मिला है। इस तरह तन्खा की भी जीत आसान लग रही है, क्योंकि उन्हें जीत के लिए 58 विधायकों का समर्थन चाहिए।

राज्य विधानसभा में कुल 230 सदस्य हैं, जिनमें एक की गुरुवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गई, वहीं एक अन्य विधायक को सर्वोच्च न्यायालय ने मतदान में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी है। इस तरह कुल 228 विधायक ही मतदान में हिस्सा ले सकेंगे। 227 को मतदान केंद्र पहुंचकर प्रत्यक्ष तौर पर मतदान करना होगा, क्योंकि कांग्रेस के एक विधायक सत्यदेव कटारे के लिए डाक मतपत्र मुम्बई भेजा गया है। मुम्बई के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

राज्य से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चार उम्मीदवार मैदान में हैं। विधानसभा भवन के समिति कक्ष-दो में मतदान सुबह नौ बजे शुरू हो गया, जो अपराह्न् चार बजे तक चलेगा। वहीं मतगणना शाम पांच बजे शुरू होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493