कोलकाता/काबुल, 11 जून (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से अगवा भारतीय महिला को मुक्त कराने के लिए अफगानिस्तान व भारत सरकार विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रही है। पीड़िता के भाई ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अंतर्राष्ट्रीय गैर सरकारी संस्था (एनजीओ) आगा खां नेटवर्क के लिए काम करने वाली जूडिथ डिसूजा (40) को काबुल के काला-ए-फतुल्ला इलाके से गुरुवार आधी रात को बंदूकधारियों ने अगवा कर लिया था।
उनके भाई जेरोम डिसूजा ने ट्वीट किया, “भारत व अफगानिस्तान की सरकार उन्हें छुड़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयासत हैं।”
अफगानिस्तान की मीडिया ने भी कहा है कि जूडिथ का पता लगाने के प्रयास जारी हैं, लेकिन उनके बारे में अभी तक कोई खास जानकारी हाथ नहीं लगी है। अपहर्ताओं के इस्लामिक होने का शक है।
फेसबुक पेज ‘ब्रिंग बैक जूडिथ’ तथा ट्विटर पर उनके शुभेच्छु उन्हें सुरक्षित मुक्त कराने के लिए दोनों सरकारों से अपील कर रहे हैं।
डिसूजा ने कथित तौर पर एनजीओ के लिए एक साल के लिए काम किया और जल्द ही भारत आने वाली थीं।
कोलकाता में उनके परिवार ने शुक्रवार को भारत तथा अफगानिस्तान सरकार से उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित मुक्त कराने की अपील की।
पीड़िता की मां ग्लोरिया डिसूजा ने कहा, “हम चाहते हैं कि सरकार हमारी बेटी को मुक्त कराए।”
इस पूरे मामले पर काबुल में भारतीय दूतावास अफगानिस्तान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।
टीलो न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, “अफगानिस्तान के अधिकारियों ने कहा है कि वे महिला को जल्द से जल्द छुड़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath