फिलाडेल्फिया (पेनसिल्वेनिया), 12 जून (आईएएनएस)। अमेरिका ने शनिवार को कोपा अमेरिका के ग्रुप-ए में हुए मुकाबले में पराग्वे को 1-0 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
लिंकन फाइनेंशियल फील्ड में अमेरिका को अंतिम 42 मिनट का मुकाबला 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद भी टीम ने जीत हासिल की।
अमेरिका के लिए क्लिंट डिम्प्से ने 27वें मिनट में पहला गोल दागा और 1-0 से बढ़त बनाई।
इस बीच, पराग्वे को 11वें मिनट में गोल दागने का एक सुनहरा मौका मिला था, लेकिन टीम इसमें चूक गई और इसका फायदा नहीं उठा सकी।
मध्यांतर के बाद दे आंद्रे येडलिन को लाल कार्ड दिखाकर मैदान से वापस भेज दिया गया, जिसके बाद अमेरिका की टीम 10 खिलाड़ियों की रह गई।
इसके बावजूद अमेरिका के खिलाड़ियों ने पराग्वे को एक भी गोल का मौका नहीं दिया और जीत हासिल करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
इस हार के साथ ही पराग्वे खिताब की दौड़ से बाहर हो गया है।
dharmpath.com dharmpath