यूईएफए पर सट्टा लगाने वालों पर कार्रवाई के लिए रैली निकाली

बैंकाक, 13 जून (आईएएनएस)। फुटबाल के यूईएफए यूरोपीय चैंपियनशिप मुकाबलों पर लगाए जा रहे अवैध सट्टे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को यहां थाई पुलिस मुख्यालय के सामने बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एकत्रित हुए।

समाचार एजेंसी एफे न्यूज के अनुसार प्रदर्शनकारी बनावटी फुटबॉल प्रशंसकों के लिबास में थे। उन्होंने अवैध सट्टेबाजी में पुलिस की कथित संलिप्तता की निंदा करने वाले नारे लिखी तख्ती हाथ में ली हुई थी। इन लोगों ने प्रतीकात्मक रूप से ऐसे कागज फाड़े जिस पर जुआ लिखा हुआ था।

यूईएफए प्रतियोगिता पर दांव लगाए जाने के मामले में शुक्रवार को राजधानी बैंकाक में सट्टेबाजों के अड्डों पर दो छापे मारे गए और 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

10 जुलाई तक चलने वाली फुटबॉल प्रतियोगिता पर लग रहे अवैध सट्टों को रोकने के लिए अधिकारियों ने इस माह के शुरू में एक जुआ विरोधी कार्यबल का गठन किया।

थाईलैंड में राष्ट्रीय लॉटरी और घोड़ों की रेस पर दांव लगाने की छूट के अलावा सट्टेबाजी और जुए पर प्रतिबंध है। लेकिन, खेलों और अंतर्राष्ट्रीय टीमों पर दांव लगाना यहां अब भी बड़ा व्यापार है।

सन 2012 में माहीडोल विश्वविद्यालय के एक अध्ययन के अनुसार थाईलैंड में 2.6 करोड़ जुआरी हैं जिनमें 19 लाख 24 साल से कम उम्र के हैं।

अध्ययन के मुताबिक किशोर भी खेलों पर दांव लगाने और अन्य प्रकार के जुओं में शामिल होने को अधिक तत्पर रहते हैं।

अध्ययन में यह भी पाया गया कि 2012 में जुआ खेलने वाले 85 प्रतिशत युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ा था। जुए के कारण कर्ज में डूबे 1.5 प्रतिशत लोगों ने आत्महत्या कर ली थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493