लॉस एंजेलिस, 14 जून (आईएएनएस)। वर्ष 2014 में अमेरिकी कार्यक्रम ‘द वॉइस’ के छठे सीजन में दिग्गज गायिका क्रिस्टीना ग्रीमी के मेंटर (गुरु) रहे एडम लेविने ने उनके भाई से कहा कि वह क्रिस्टीना की अंत्येष्टि का पूरा खर्च उठाएंगे।
क्रिस्टीना की फ्लोरिडा के ऑरलैंडो में एक संगीत कार्यक्रम के दौरान हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह महज 22 साल की थीं।
वेबसाइट ‘फीमेलफर्स्ट डॉट कॉम यूके’ के मुताबिक, क्रिस्टीना के भाई मार्कस ने कहा कि वह लेविने की उदारता देख हैरान हैं।
फेसबुक पर उन्होंने लिखा, “आज (मंगलवार) सुबह एडम लेविने ने मां के पास व्यक्तिगत रूप से फोन किया और कहा कि वह क्रिस्टीना के अंतिम संस्कार और विमान उड़ान का खर्च उठाएंगे।”
इससे पहले एडम लेविने ने क्रिस्टीना की मौत पर दुख जताया था।
dharmpath.com dharmpath