यूरो 2016 : इंग्लैंड के समर्थकों के बचाव में उतरे एफए प्रमुख

लंदन, 14 जून (आईएएनएस)। फुटबाल संघ (एफए) के चेयरमैन ग्रेग डाइक ने यूरोपीय फुटबाल के शासी निकाय यूईएफए को एक पत्र लिखकर यूरो 2016 में इंग्लैंड के वेल्स के साथ होने वाले अगले मुकाबले को लेकर सुरक्षा के प्रति गंभीर चिंता जताई है।

मार्सेले में शनिवार को रूस के साथ हुए इंग्लैंड के मुकाबले के दौरान और बाद में दोनों टीमों के प्रशंसकों के बीच हिंसक भिड़ंत हुई थी।

दोनों टीमों के प्रशंसकों के बीच हुई इस भिड़ंत में 35 लोग घायल हुए, जिसमें अधिकतर इंग्लैंड के प्रशंसक थे।

इस भिड़ंत में घायल हुए इंग्लैंड के एक 50 वर्षीय प्रशंसक की हालत गंभीर बनी हुई है।

इस घटना को देखते हुए यूईएफए ने इंग्लैंड और रूस को टूर्नामेंट से बाहर करने की चेतावनी तक दी है।

एफए के चेयरमैन ने इस मामले में यूईएफए को भेजे पत्र में इंग्लैंड के समर्थकों का पक्ष लिया।

ब्रिटेन के ऑनलाइन समाचार पत्र ‘द इंडिपेंडेंट’ के अनुसार, डाइक ने अपने पत्र में कहा है, “आपके संयुक्त रूप से संबोधित पत्र से ऐसा लगता है कि इंग्लैंड के प्रशंसकों को इस घटना के लिए रूस के प्रशंसकों के समान जिम्मेदार माना गया है। घटना की वीडियो और आपके स्वतंत्र अनुशासनात्मक निकायों के तथ्यों से यह स्पष्ट हुआ है कि केवल रूस फुटबाल संघ के खिलाफ ही प्रतिबंध लगना चाहिए।”

डाएक ने अपने पत्र में कहा कि इंग्लैंड के प्रशंसकों का एक छोटा सा समूह इस घटना में शामिल था और यह देश के लिए काफी निराशाजनक बात है, लेकिन इस बात को भी ध्यान में रखा जाए कि हजारों समर्थकों ने सकारात्मक व्यवहार किया है।

उन्होंने यह भी कहा कि वे इस गलती को फिर से न दोहराए जाने के लिए सभी अधिकारियों और यूईएफए के साथ काम कर रहे हैं।

डाएक ने यह भी कहा कि यूईएफए आगामी मुकाबलों में प्रशंसकों के बीच होने वाली भिड़ंत की संभावनाओं से बचने के लिए फ्रांसीसी सुरक्षा अधिकारियों के प्रयासों में सुधार सुनिश्चित करे।

एफए प्रमुख ने इंग्लैंड और रूस के प्रशंसकों के बीच हुई भिड़ंत के लिए फ्रांस की पुलिस को भी जिम्मेदार ठहराया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493