श्रीनगर, 15 जून (आईएएनएस)। आतंकी होने के आरोप में कश्मीर घाटी में मारे गए एक युवक को बुधवार को दफना दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि उसके जनाजे में बड़ी संख्या में युवकों ने भाग लिया। इन लोगों ने भारत विरोधी नारे भी लगाए।
ऊधमपुर जिले के कुद शहर में सोमवार को सुरक्षा बलों के हाथों मारे गए तनवीर अहमद शेख के परिवार के सदस्यों ने सरकार के इस दावे का खंडन किया है कि वह आतंकी था और उसने सुरक्षा बलों पर गोली चलाई थी, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने गोली चलाई थी।
जम्मू एवं कश्मीर की सरकार ने मंगलवार को राज्य विधानसभा में कहा कि शेख जिस बस से यात्रा कर रहा था, जब उसे सुरक्षा बलों ने नियमित जांच के लिए रोका तो बस से उतर कर उसने एके-47 राइफल से सुरक्षा बलों पर गोली चलाई।
अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने उसके पास से एक एके-47 राइफल जब्त की है।
सरकारी दावे को शेख के परिवार द्वारा झूठा करार दिए जाने के बाद अलगाववादी नेता सैयद अली गिलानी ने शेख की मौत को लेकर सरकारी बयान पर सवाल उठाया है।
शवयात्रा के दौरान युवक हिंसा न फैलाएं, इसके लिए पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए थे। दफनाने के दौरान युवकों ने भारत विरोधी एवं आजादी के समर्थन में नारे लगाए।
dharmpath.com dharmpath