हैदराबाद का आईटी निर्यात 75000 करोड़ रुपये से अधिक (लीड-1)

हैदराबाद, 15 जून (आईएएनएस)। हैदराबाद का सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) निर्यात वित्त वर्ष 2015-16 में साल-दर-साल आधार पर 13.26 फीसदी बढ़कर 75,070 करोड़ रुपये रहा। यह घोषणा बुधवार को तेलंगाना सरकार ने की।

राज्य के आईटी मंत्री के. तारकरामा राव ने संवाददाताओं से कहा कि आईटी और आईटी आधारित सेवाओं (आईटीईएस) के निर्यात में हैदराबाद की विकास दर राष्ट्रीय विकास दर 12.3 फीसदी से अधिक रही।

शहर ने इस क्षेत्र में आलोच्य वर्ष में करीब 35,611 नई नौकरियों का सृजन किया, जिससे इस क्षेत्र में शहर के कुल कामगारों की संख्या बढ़कर 4,07,385 हो गई।

मंत्री ने राज्य के आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार विभाग की सालाना रपट जारी करते हुए कहा, “हमारी व्यापार अनुकूल नीति, बेहतर अवसंरचना, लागत प्रभाविता, टीएएसके और टी-हब जैसे संस्थानों की उपस्थिति और सक्रिय तौर-तरीकों के कारण राज्य देश में शीर्ष आईटी गंतव्य बन गया है।”

2014-15 में राज्य में आईटी/आईटीईएस की विकास दर 15.7 फीसदी रही थी। मंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया में इस क्षेत्र की विकास दर घटी है।

मंत्री ने कहा, “इसके बावजूद हम राष्ट्रीय औसत से ऊपर हैं और अगले तीन साल में निर्यात को दोगुना कर 1.20 लाख करोड़ करने और रोजगार को बढ़ाकर 10 लाख करने की रास्ते पर बढ़ रहे हैं।”

हैदराबाद को देश का नंबर एक आईटी गंतव्य बनाने के लक्ष्य के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा, “इसमें अधिक देरी नहीं होगी।”

एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हैदराबाद बेंगलुरू के साथ नहीं, बल्कि पूरी दुनिया से प्रतिस्पर्धा कर रहा है।

उन्होंने कहा कि दुनिया की पांच सर्वाधिक मूल्यवान प्रौद्योगिकी कंपनियों में से चार की मौजूदगी हैदराबाद में है और उनमें से भी तीन -एप्पल, गूगल और अमेजन- ने गत एक साल में यहां कार्यालय स्थापित करने का फैसला किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493