बेंगलुरू, 15 जून (आईएएनएस)। भारत की उभरती महिला गोल्फ खिलाड़ी वाणी कपूर ने यहां इगलटोन गोल्फ रिसार्ट में खेले जा रहे हीरो महिला पेशेवर टूअर टूर्नामेंट के आठवें संस्करण के पहले दिन बुधवार को चार अंडर 68 का स्कोर कर बढ़त बना ली है।
पहले दिन की समाप्ति के बाद कोलकाता की नेहा त्रिपाठी एक अंडर 71 का कार्ड खेल दूसरे स्थान पर रहीं। दिल्ली की गौरी मौंगा एक ओवर 73 के स्कोर के साथ पहले दिन तीसरे स्थान पर रहीं।
वाणी ने दिन की शानदार शुरुआत की और पहले नौ होल में कोई बोगी नहीं लगाई। आठवें होल में उन्होंने पहली बर्डी लगाई। 12वें होल में वह चूक कर बैठीं और बोगी खेल गईं, लेकिन इसके बाद वापसी करते हुए उन्होंने 13वें, 14वें, 15वें और 16वें होल में लगातार चार बर्डी लगाईं और चार अंडर 68 के स्कोर के साथ पहले स्थान पर चल रही हैं।
दूसरे स्थान पर चल रहीं नेहा ने पहले दिन एक भी बोगी नहीं लगाईं। छठवें होल में इकलौती बर्डी के साथ उन्होंने पहले दिन एक अंडर 71 का स्कोर किया।
तीसरा स्थाने पर चल रहीं गौरी ने तीसरे होल में बर्डी लगाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन सातवें और 10वें होल में वह बोगी खेल बैठीं।
dharmpath.com dharmpath