नई दिल्ली, 16 जून (आईएएनएस)। सर्वोच्च न्यायालय गुरुवार को दिन में पंजाब के गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) ह्यूमन राइट्स अवेयरनेस एसोसिएशन की उस याचिका पर सुनवाई करेगा, जिसमें उसने अनुराग कश्यप सह-निर्मित ‘उड़ता पंजाब’ की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है।
शीर्ष न्यायालय के न्यायमूर्ति आदर्श कुमार एवं न्यायमूर्ति एल. नागेश्वर राव की अवकाश पीठ ने कहा है कि यह याचिका पर उन मामलों की सुनवाई के बाद सुनवाई करेगी, जो दिन के लिए सूचीबद्ध किए गए हैं। ‘उड़ता पंजाब’ की निर्माता कंपनी फैंटम फिल्म्स इस याचिका के खिलाफ है।
पीठ ने कहा, “हम इस मामले में दिन में सुनवाई करेंगे और देखेंगे कि 14 जून को बंबई उच्च न्यायालय के उस फैसले के बावजूद याचिका पर सुनवाई की जा सकती है या नहीं, जिसमें अदालत ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) को फिल्म से सिर्फ एक दृश्य हटाकर इसे ‘ए’ प्रमाण-पत्र जारी करने का आदेश दिया था।”
फैंटम फिल्म्स की ओर से अदालत में मामले की पैरवी कर रहीं वरिष्ठ अधिवक्ता मीनाक्षी अरोड़ा ने कहा है कि सीबीएफसी फिल्म को पहले ही प्रमाण-पत्र दे चुका है और फिल्म विदेशों में रिलीज हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि फिल्म शुक्रवार (कल) को 8,000 सिनेमाघरों में रिलीज होनी है।
dharmpath.com dharmpath