भोपाल/दमोह 18 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने यहां शनिवार को कहा कि भारतीय संस्कृति में ही मानव जीवन की खुशहाली निहित है। दुनिया आज समस्याग्रस्त और अशांति का अनुभव कर रही है। भारत आदिकाल से आध्यात्मिक क्षेत्र में विश्व में शिरोमणि रहा है और आज भी भारत नैतिकता के प्रचार-प्रसार में दुनिया का नेतृत्व करनें की क्षमता रखता है।
मध्यप्रदेश के दमोह जिले की पटेरा तहसील स्थित कुंडलपुर में शनिवार को भाजपा अध्यक्ष शाह ने बड़े बाबा श्री 1008 भगवान आदिनाथ महाराज के दर्शन कर उन्हें छत्र अर्पित किया। इसके बाद विद्यासागर महाराज से भेंट कर धार्मिक चर्चा की।
कुंडलपुर में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए विद्यासागर महाराज ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी भारतीय और जनता की पार्टी है, और हम सब को मिलकर देश को शिखर पर पहुंचाना है।”
इस मौके पर शाह ने कहा कि संतों के आशीर्वाद से देश में भाजपा को जनादेश मिला है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सर्वागीण प्रगति हो रही है। सांस्कृतिक ²ष्टि से भी हम पीछे नहीं हैं, भाजपा समाज के अंतिम व्यक्ति को अवसर देने और न्याय की पक्षधर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ-सबका विकास’ मिशन आरंभ करके देश के छह लाख गांवों और नगरों में जनजीवन के सुधार और जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए सामाजिक आंदोलन शुरू किया है।
शाह ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, यहां की संस्कृति विविधतापूर्ण है, सबको साथ लेकर चलना नरेंद्र मोदी का मकसद है। जनजीवन को कैसे संवारा जाए, यही भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी की दिवस की चिंता और रात्रि का स्वप्न है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “सत्ताधीशों को चाहे जो गुमान हो, लेकिन भाजपा सत्ता को मात्र सेवा का अवसर समझती है। उसी ²ष्टि से हमने मध्यप्रदेश में साढ़े सात करोड़ जनता की सेवा का संकल्प लिया है और इसे पूरा करने के लिए संत महापुरुषों का आशीर्वाद आवश्यक है।”
अमित शाह इससे पहले भोपाल पहुंचे। राजाभोज विमान तल पर शाह की मुख्यमंत्री शिवराज और प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने अन्य नेताओं के साथ उनकी अगवानी की। बाद में वे हेलीकॉप्टर से कुंडलपुर के लिए प्रस्थान कर गए।
dharmpath.com dharmpath