मुंबई, 19 जून (आईएएनएस)। टी-सीरीज के हालिया संगीत वीडियो ‘तुम हो तो लगता है’ में अभिनेता साकिब सलीम के साथ काम करने वालीं अभिनेत्री तापसी पन्नू का कहना है कि इस वीडियो के जरिये ही उनके और साकिब के बीच ‘हाय और बाय’ से आगे बात शुरू हुई।
तापसी ने एक बयान में कहा, “यह बहुत हैरान करने वाली और मजेदार बात है कि निर्देशक अलेया को लगता था हम एक-दूसरे को वीडियो की शूटिंग शुरू होने से पहले से जानते हैं, जबकि वास्तव में इस वीडियो की शूटिंग के दौरान ही हमारी बातचीत हाय और बाय से आगे बढ़ी।”
वीडियो में साकिब के साथ अपनी जोड़ी को लेकर बेहद उत्साहित तापसी ने कहा, “हमारी बातचीत शुरू होने का अधिक श्रेय इस तथ्य को जाता है कि हम दोनों एक ही शहर के हैं और इसलिए हमारे लिए बातचीत शुरू करना काफी आसान रहा।”
तापसी की अगली फिल्म ‘पिंक’ है, जिसमें वह बॉलीवुड मेगास्टार अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगी।
dharmpath.com dharmpath