झांसी जनपद के गुरसरांय थाना प्रभारी संत प्रकाश सिंह ने बताया कि पिछले माह गुरसरांय कस्बे के मुख्य बाजार में मोबाइल रिपेरिंग व मिठाई की दुकान में चोरी हो गई थी। एसएसपी मनोज तिवारी के निर्देश पर लगातार चोरों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान शनिवार की रात पुलिस को जानकारी मिली कि पिछले माह हुई चोरी की वारदात करने वाले बदमाश गांधीनगर स्थित एक घर में है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाने की पुलिस हमराह के साथ बताए गए घर पहुंची और छापा मारकर दो बच्चों व एक युवक को पकड़ने में सफलता हासिल कर दी। पुलिस ने घर से चोरी गया माल बरामद कर लिया। इसके बाद तीनों से पूछताछ की गई।
बच्चों ने बताया कि दोनों सगे भाई हैं और युवक उसका पिता है। पिता के कहने पर ही वे चोरी किया करते थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चे नाबलिग हैं। तीनों को पकड़कर थाने लाया गया, जहां पूछताछ में युवक ने अपना नाम कैलाश अहिरवार पुत्र जगदीश और बच्चों ने मनीष व पंकज बताया।
गुरसरांय थाना प्रभारी के अनुसार, छापेमार कार्रवाई करते हुए घर से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल, जिसमें 19 पुराने व 7 नए, एक लैपटॉप, दो इन्वर्टर, एक डेक मशीन आदि बरामद हुई।
पकड़े गए तीनों लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दोनों बच्चों को ललितपुर स्थित बाल सुधार गृह में भेजा है, जबकि पिता को जिला जेल भेजा गया है।
dharmpath.com dharmpath