काबुल : आत्मघाती हमले में नेपाल के 14 नागरिकों की मौत (लीड-2)

काबुल, 20 जून (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार को एक बस पर हुए आत्मघाती हमले में नेपाल के 14 नागरिकों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि एक आत्मघाती हमलावर ने सुबह लगभग 5.40 बजे एक बस को निशाना बनाया। इस बस में विदेशी सुरक्षाकर्मी सवार थे।

जारी बयान में कहा गया है कि बनाही क्षेत्र में पुल-ए-चरखी मार्ग पर हुए हमले में नेपाल के पांच और अफगानिस्तान के चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।

टोलो न्यूज के मुताबिक, पीड़ित मध्य काबुल में स्थित एक विदेशी दूतावास में सुरक्षागार्ड के रूप में कार्यरत थे।

आंतरिक मंत्री सेदिक सेदीकी ने कहा कि प्रारंभिक रपटों से पता चला है कि पीड़ित नेपाल के नागरिक हैं, जो काबुल में कनाडा दूतावास में कार्यरत थे।

इस हमले में हमलावर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और विस्फोट में कई असैन्य वाहन और पास की दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने इस हमले की जिम्मेदारी ली।

सरकार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अब्दुल्ला अब्दुल्ला और अफगान आंतरिक मंत्रालय ने इस हमले की निंदा की।

अब्दुल्ला ने ट्वीट कर कहा, “मैं काबुल में अपने कार्यस्थल पर जा रहे लोगों पर आतंकवादी हमले की निंदा करता हूं। यह हमला आतंक और धमकी का कृत्य है।”

गौरतलब है कि अप्रैल से ही तालिबान द्वारा हमलों में तेजी आई है।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी काबुल में इस भयावह हमले की निंदा की है और अफगानिस्तान एवं नेपाल के लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493