लंदन, 20 जून (आईएएनएस)। मलेशिया एयरलाइन्स की लापता उड़ान संख्या एमएच370 में सवार यात्रियों से कथित तौर पर संबंधित कुछ निजी वस्तु ओं की तस्वीरें जारी की गई हैं, ताकि इन वस्तुओं के माध्यम से उनकी पहचान की जा सके। ये वस्तुएं मेडागास्कर तट पर बह कर आ गई थीं।
‘बीबीसी’ द्वारा सोमवार को जारी रपट के मुताबिक, “लगभग 20 निजी वस्तुएं मिली हैं, जिनमें एक सफेद, काला और लाल ‘एंग्री बर्ड’ पर्स, एक टार्टन हैंडबैग और एक काले लैपटॉप केस का हिस्सा शामिल है, जिस पर ‘मेनसा’ लिखा है।”
विमान ने आठ मार्च, 2014 को कुआलालंपुर से बीजिंग के लिए उड़ान भरी थी और उसके बाद वह लापता हो गया था। प्राप्त वस्तुओं की कोई पहचान नहीं हो पाई है, जिससे यह साबित हो पाए कि ये विमान में सवार 239 यात्रियों में से किसी के हैं।
ये वस्तुएं अमेरिकी वकील ब्लेन गिब्सन को जून में उत्तर पूर्वी मेडागास्कर के नोसी बोराहा द्वीप के रियाक तट पर मिले थे।
गिब्सन ने बीबीसी को बताया, “ये वस्तुएं शायद किसी जहाज से गिरी होंगी।”
गिब्सन ने कहा, “मुझे ये सामान उसी 18 किलोमीटर लंबे रियाक तट से मिले हैं, जहां मुझे संदिग्ध विमान (मलेशियाई विमान) के हिस्से मिले थे। इसलिए जरूरी है कि उनकी जांच सही प्रकार से की जाए।”
वस्तुओं की तस्वीरें वेबसाइट ‘एयरक्रैश सपोर्ट ग्रुप ऑस्ट्रेलिया’ से यह पता लगाने के लिए जारी की गई हैं कि शायद वे एमएच370 के यात्रियों की होंगी।
इन निजी वस्तुओं के अलावा गिब्सन को मलबे के दो टुकड़े भी मिले हैं, जो शायद विमान के हो सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath