चंडीगढ़, 21 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि योग अगर मधुमेह को जड़ से नहीं उखाड़ सकता तो कम से कम इस पर नकेल अवश्य कस सकता है।
यहां दूसरे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर उमड़े योगार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे देश में मधुमेह की समस्या का सामना करने के लिए जनांदोलन की शुरुआत योग के जरिए होनी चाहिए।
मोदी ने योगार्थियों से अगले साल होने वाले तीसरे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व मधुमेह विषय पर तव्वजो देने की अपील की।
मोदी ने कहा, “यह पूरे साल का मुख्य मुद्दा होना चाहिए। मधुमेह के मामलों की संख्या बढ़ रही है। मुझे नहीं मालूम की मधुमेह को योग के जरिये जड़ समेत उखाड़ा जा सकता है या नहीं, लेकिन इससे इस पर काबू यकीनन पाया जा सकता है।”
उन्होंने कहा, “हम बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए हर साल एक नई बीमारी पर चर्चा कर सकते हैं।”
dharmpath.com dharmpath