पेरिस, 21 जून (आईएएनएस)। आरोन रामसे और गारेथ बेल के गोल ने वेल्स को यूरोपियन फुटबाल चैम्पियनशिप 2016 में ग्रुप-बी में सोमवार देर रात हुए मुकाबले में रूस पर 3-0 से जीत दिलाई।
इस जीत के साथ ही वेल्स ने यूरो 2016 के नॉकआउट दौर (अंतिम-16) में जगह बना ली है।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, रियल मेड्रिड के स्ट्राइकर गारेथ का यह इस टूर्नामेंट में खेले गए तीसरे मुकाबले का तीसरा गोल है। इस जीत के साथ ही वेल्स ने यूरो 2004 के प्लेऑफ में रूस से मिली हार का हिसाब भी चुकता कर दिया।
मुकाबले की शुरुआत 11वें मिनट में रामसे की ओर से वेल्स के लिए दागे गए गोल से हुई थी। कुछ समय बाद 20वें मिनट में ही नील टेलर ने दूसरा गोल दागा और टीम को रूस पर 2-0 से बढ़त दिलाई।
रूस को पहले हॉफ में गोल दागने का अवसर मिला था, लेकिन आर्तेम देजुबा इसे लक्ष्य तक पहुंचाने में चूक गए।
मुकाबले के दूसरे हॉफ में भी दोनों टीमों के बीच संघर्ष देखा गया, लेकिन 67वें मिनट में गारेथ के गोल ने वेल्स को 3-0 से बढ़त दिलाई।
इस जीत के साथ ही वेल्स के पास अब अपने ग्रुप में छह अंक हो गए हैं, जो इंग्लैंड से एक अंक ज्यादा है।
dharmpath.com dharmpath