दलाल की हत्या के बाद हिंसा, 30 घर जलाए गए

रांची, 21 जून (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची के बाहरी इलाके में एक भूमि दलाल की हत्या के बाद हिसा भड़क गई, जिसमें 30 घर और 10 दुपहिया वाहन जला दिए गए और कई घरों में लूटपाट की गई। यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी।

पुलिस के अनुसार, उपद्रव तब शुरू हुआ, जब रांची से 20 किलोमीटर दूर स्थित नेवारी गांव के निवासी भूमि दलाल नसीम अंसारी की सोमवार को हत्या कर दी गई।

इस मामले में कथित हत्यारे की पहचान मोहम्मद जाकिर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि जाकिर ने एक भूमि विवाद सुलझाने के लिए अंसारी को एक बैठक में बुलया। बैठक में जब अंसारी बैठा था, तब कथित रूप से उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया और उसकी हत्या कर दी गई।

बाद में अंसारी के समर्थकों ने भी जवाबी हमले किए। इस दौरान अज्ञात लोगों ने कई घरों और दुपहिया वाहनों में आग लगा दी और उनमें कुछ लोगों ने लूटपाट भी की।

स्थानीय लोगों की पुलिस के साथ झड़प हुई, जिसमें एक पुलिस अधिकारी को सिर में चोट लगी है।

घटना के दौरान कई प्रेस फोटोग्राफरों पर भी हमले किए गए और दो फोटोग्राफरों के कैमरे तोड़ दिए गए।

शुरू में अग्निशमन दल के वाहनों को आग बुझाने के लिए गांव में नहीं घुसने दिया गया, लेकिन आग जब विकराल रूप धारण करने लगी, तब अग्निशमन दल गांव में प्रवेश करने में सफल हो गया।

इलाके में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार स्थिति तनावपूर्ण है, लेकिन नियंत्रण में है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493