कोझिकोड़, 22 जून (आईएएनएस)। केरल पुलिस ने राज्य निवासी नर्सिग की दलित छात्रा के साथ क्रूरतापूर्ण रैगिग करने वाली दो कॉलेज छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए कर्नाटक पुलिस से संपर्क साधा है।
सर्किल इंस्पेक्टर ऑफ पुलिस जलील थोताथिल ने यहां आईएएनएस से कहा कि उन्होंने 19 वर्षीया पीड़ित छात्रा का बयान दर्ज कर लिया है। छात्रा का इस वक्त कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है।
थोताथिल ने कहा, “अपराध स्थल कर्नाटक में पड़ता है, जो हमारा अधिकार-क्षेत्र नहीं है। छात्रा का बयान दर्ज कर लिया गया है और हमने इसे एक विशेष संदेशवाहक के माध्यम से कर्नाटक के गुलबर्ग स्थित रोजा पुलिस थाने भिजवा दिया है।”
उन्होंने कहा, “इस अमानवीय रैगिंग मामले में दोनों आरोपी छात्राएं केरल से हैं। लक्ष्मी कोल्लम और अथीरा इदुक्की की रहने वाली है। उनके खिलाफ केरल रैगिंग एक्ट एंड अट्रॉसिटी अंडर एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के अलावा हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया गया है।”
गुलबर्ग स्थित अल कामर कॉलेज ऑफ नर्सिग की पीड़ित छात्रा के अनुसार, उसे पिछले माह आरोपी छात्राओं ने बाथरूम साफ करने में प्रयुक्त होने वाला तरल पदार्थ पीने के लिए मजबूर किया, जिसके चलते वह बीमार पड़ गई।
कुछ दिन कर्नाटक के अस्पताल में रहने के बाद उसे घर भेज दिया गया और उसके बाद से ही वह त्रिशूर के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचाराधीन है।
छात्रा की मां जानकी ने बुधवार को मीडिया को बताया कि कॉलेज प्रशासन आरोपी छात्राओं के खिलाफ कार्रवाई करने में नाकाम रहा और उनका बचाव कर रहा है।
उधर, केरल के संस्कृति मंत्री ए.के.बालन ने कहा है कि पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी और मामले को कर्नाटक सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath