होशंगाबाद, 22 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी और बेटी की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली। हत्या और आत्महत्या का कारण क्या था, यह अभी पता नहीं चला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, देहात थाना क्षेत्र के चंदन नगर में संजय फसाड़े अपनी पत्नी प्रीति और 10 साल की बेटी सिम्मी के साथ माता-पिता के मकान के ऊपरी हिस्से में रहता था। वह एक पेपर मिल में काम करता था।
बुधवार की सुबह साढ़े सात बजे तक जब संजय नीचे नहीं आया तो माता-पिता ने ऊपर जाकर दरवाजा खुलवाना चाहा। काफी देर तक दस्तक देने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला, तब उसे तोड़ा गया। कमरे के भीतर प्रीति और सिम्मी के लहूलुहान शव पड़े थे और संजय खुद फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
थाना देहात क्षेत्र के प्रभारी देवेंद्र चंद्रवंशी ने आईएएनएस को बताया कि शवों को देखने से लगता है कि संजय ने पत्नी और बेटी की हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु का प्रहार करके की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
dharmpath.com dharmpath