सरकार को अरविंद सुब्रह्मण्यम पर पूरा भरोसा : जेटली (लीड-2)

नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। देश के मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रह्मण्यम को बर्खास्त करने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी की मांग के बीच केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार को अरविंद सुब्रह्मण्यम पर पूरा भरोसा है।

जेटली ने स्वामी द्वारा अरविंद सुब्रह्मण्यम को पद से हटाने की मांग करने के कुछ ही घंटों बाद संवाददाताओं से कहा, “सरकार को अरविंद सुब्रह्मण्यम पर पूरा भरोसा है।”

इससे पहले भाजपा नेता स्वामी ने अरविंद सुब्रह्मण्यम पर ‘कांग्रेस के लिए काम करने’ का आरोप लगाते हुए उन्हें बर्खास्त करने की मांग की थी। उन्होंने बुधवार को इस संबंध में कई ट्वीट किए।

एक ट्वीट में उन्होंने लिखा, “अमेरिकी कांग्रेस में 13 मार्च, 2013 को किसने कहा था कि अमेरिका को देश के फार्माश्यूटिकल हितों की रक्षा के लिए भारत के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए? (वित्त मंत्रालय के) अरविंद सुब्रह्मण्यम!! उन्हें बर्खास्त किया जाए!”

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, “अनुमान लगाइए, किसने कांग्रेस को जीएसटी पर अड़ियल रवैया अपनाने के लिए प्रेरित किया? जेटली (वित्तमंत्री अरुण जेटली) के आर्थिक सलाहकार वाशिंगटन डीसी के अरविंद सुब्रह्मण्यम।”

जेटली ने हालांकि स्वामी की मांग खारिज करते हुए कहा, “अरविंद सुब्रह्मण्यम ने समय-समय पर सरकार को काफी मूल्यवान सुझाव दिए हैं। वस्तुत: वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र पर बनाई गई प्रस्तुति भी उनके सक्रिय परामर्श के साथ तैयार की गई है।” यह प्रस्तुति वस्त्र एवं परिधान सचिव रेशमी वर्मा ने तैयार की थी।

वित्तमंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा और सरकार दोनों ही खुद को स्वामी की राय से अलग करती है।

उन्होंने कहा, “पार्टी ने स्वामी की राय से खुद को अलग कर लिया है। मैं भारतीय नेताओं के अनुशासन के नजरिए से भी एक बात कहना चाहूंगा। हमें उन लोगों पर कहां तक हमला करना चाहिए, जिनके पेशेवर अनुशासन उन्हें आरोपों का जवाब देने से रोकते हों।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493