एनडीएमसी अधिकारी की हत्या में जंग को गिरफ्तार किया जाए : आप (लीड-1)

नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। नई दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) के एक अधिकारी की हत्या के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) ने उप राज्यपाल नजीब जंग को बर्खास्त करने और गिरफ्तार करने की गुरुवार को मांग की। पार्टी ने साथ ही भारतीय जनता पार्टी के दो नेताओं की गिरफ्तारी की मांग भी दोहराई है। वहीं, जंग ने आप के आरोपों को ‘ओछी हरकत’ करार दिया है।

आप नेता राघव चड्ढा ने कहा कि जिस तरह से तथ्य सामने आ रहे हैं, उससे खुलासा होता है कि नजीब जंग तथा भाजपा नेता महेश गिरी व कंवर सिंह तंवर 16 मई को हुई एम.एम.खान की हत्या में शामिल रहे हैं।

चड्ढा ने संवाददाताओं से कहा, “उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”

आप ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। मामले में पुलिस ने एक होटल मालिक को गिरफ्तार किया है, जिसका इस हत्या में कथित तौर पर हाथ है। खान ने होटल मालिक का काम करने के लिए रिश्वत लेने से इनकार कर दिया था।

भाजपा सांसद गिरी और पूर्व भाजपा विधायक करण सिंह तंवर ने खान की हत्या में किसी भी तरह से शामिल होने से इनकार किया है।

एनडीएमसी के एस्टेट अफसर खान की उनके घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

चड्ढा ने कहा कि दिल्ली पुलिस को तत्काल प्रभाव से जंग को रिपोर्टिग करना बंद कर देना चाहिए, क्योंकि नजीब जंग जब तक पद पर रहेंगे मामले की निष्पक्ष जांच संभव नहीं है।

आप नेता ने कहा, “उपराज्यपाल को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए या केंद्र सरकार को उन्हें बर्खास्त कर देना चाहिए। उपराज्यपाल को गिरफ्तार कर मामले की जांच करानी चाहिए।”

चड्ढा ने कहा कि होटल मालिक रमेश कक्कड़ ने 10 मई को खान के बारे में शिकायत में लिखा कि वे मनमाने, पक्षपातपूर्ण व अन्यायपूर्ण तरीके से पेश आ रहे हैं। कक्कड़ ने जंग से मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया था।

चड्ढा ने कहा कि 11 मई को गिरी ने होटल मालिक के पक्ष में उप राज्यपाल को पत्र लिखा और खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जंग ने यह चिट्ठी एनडीएमसी को भेज दी और उसमें यह टिप्पणी की कि मामले में कानून सम्मत कार्रवाई की जाए और इससे उनके कार्यालय को अवगत कराया जाए।

चड्ढा ने कहा, “एक होटल मालिक द्वारा बिना किसी राजनीतिक संरक्षण के एक ईमानदारी अधिकारी की हत्या नहीं की जा सकती। जंग, गिरी और तंवर ने प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से आरोपी को राजनीतिक संरक्षण दिलाने में मदद की।”

खान की हत्या के एक दिन बाद भेजी गई चिट्ठी सहित जंग के एनडीएमसी के साथ पत्र-व्यवहार को मीडिया ने गुरुवार सुबह प्रसारित कर दिया।

चड्ढा के संवाददाता सम्मेलन के बाद उप राज्यपाल के कार्यालय ने ‘आप’ के आरोपों को ओछी हरकत बताते हुए कहा कि खान की हत्या उनके परिवार के लिए बड़ी त्रासदी है।

जंग के कार्यालय ने एक बयान में कहा, “हर व्यक्ति इस बात को समझता है कि ‘आप’ का दावा एक ओछी हरकत है और इस त्रासदी से राजनीतिक फायदा उठाने का प्रयास है।”

गिरी ने कहा, “मैं मामले की जांच करने और दिल्ली के मुख्यमंत्री को सवाल पूछने के लिए बुलाने को लेकर पुलिस आयुक्त को पत्र लिख रहा हूं।”

गिरी व तंवर दोनों ने ही खान की हत्या में अपना हाथ होने से इनकार किया है और आप पर निराधार आरोप लगाने का आरोप लगाया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493