धर्मशाला, 23 जून (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच पद के लिए लंबे समय से चली ऊहापोह की स्थिति गुरुवार को खत्म हो गई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पूर्व टेस्ट कप्तान अनिल कुंबले को अगले एक साल के लिए टीम का मुख्य कोच बनाया है।
धर्मशाला में बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने इस बात की घोषणा की। ठाकुर ने कहा कि बोर्ड को कुंबले पर पूरा भरोसा है।
ठाकुर ने बीसीसीआई के पहले वार्षिक कॉनक्लेव से इतर संवाददाता सम्मेलन में कहा, “काफी चर्चा के बाद हमने कुंबले को अगले एक साल के लिए टीम का मुख्य कोच बनाने का फैसला किया है।”
उन्होंने कहा, “भारतीय टीम सर्वश्रेष्ठ कोच की हकदार है। बीसीसीआई को कुंबले पर पूरा भरोसा है। यह देसी या विदेशी कोच की बात नहीं है, यह भारतीय टीम के कोच की बात है।”
बोर्ड ने हालांकि टीम के सहयोगी स्टाफ की घोषणा नहीं की है। ठाकुर ने बताया कि इसकी घोषणा कुछ समय बाद की जाएगी।
उन्होंने कहा, “बल्लेबाजी और गेंदाबजी कोच का फैसला कुछ दिन बाद लिया जाएगा।”
टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले और विश्व में इस सूची में तीसरे स्थान पर रहने वाले कुंबले जुलाई में वेस्टइंडीज के दौरे पर जाने वाली टेस्ट टीम के साथ जुड़ेंगे। वेस्टइंडीज में भारत को चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलनी है।
कोच का फैसला सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण और सौरव गांगुली की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने ठाकुर और बोर्ड के सचिव अजय शिर्के के साथ यहां जारी कॉनक्लेव में बैठक के बाद लिया।
2015 में जिम्बाब्वे के डंकन फ्लेचर के जाने के बाद राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच का पद पिछले एक साल से खाली पड़ा था। इस दौरान रवि शास्त्री को भारत में खेले गए टी-20 विश्व कप तक टीम का निदेशक बनाया गया था।
भारतीय टीम के कोच पद के लिए बीसीसीआई ने विज्ञापन जारी किया था। जिसके बाद बोर्ड को इस पद के लिए 57 आवेदन मिले थे, जिनमें से 21 लोगों को चयनित कर किया गया था।
इस सूची को सीएसी को सौंपा गया था, जिसने मंगलवार को उम्मीदवारों के साक्षात्कार कर चुनिंदा उम्मीद्वारों की सूची बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर को सौंपी थी।
भारत के कोच पद की दौड़ में वर्तमान चयन समिति के अध्यक्ष संदीप पाटिल, कुंबले, शास्त्री, लालचंद राजपूत, प्रवीण आमरे, टॉम मूडी, स्टुअर्ट लॉ और एंडी मोल्स शामिल थे।
dharmpath.com dharmpath