नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। एक अभूतपूर्व कदम के तहत दिल्ली विधानसभा की याचिका समिति उप राज्यपाल नजीब जंग एवं दिल्ली के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के प्रमुख एम. के. मीणा को तलब करेगी। इन दोनों को दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित एवं विभिन्न घोटालों में ‘गलत करने वालों’ के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी पर कोई कार्रवाई नहीं करने को लेकर पेश होने को कहा जाएगा।
दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष राखी बिड़ला ने संवाददाताओं से कहा, “याचिका समिति की गुरुवार को हुई बैठक में तय किया गया कि जंग और मीणा को दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी पर कोई कार्रवाई नहीं करने को लेकर बुलाया जाए।”
उन्होंने कहा, “उप राज्यपाल और एसीबी प्रमुख को समन भेजने के पूर्व सरकार के वकील से कानूनी राय भी मांगी जाएगी।”
बिड़ला आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली के मंगोलपुरी क्षेत्र की विधायक हैं। वह दिल्ली विधानसभा की नौ सदस्यीय याचिका समिति की अध्यक्ष भी हैं।
आप सरकार ने वर्ष 2013-14 में अपने 49 दिन के पहले कार्यकाल के दौरान शीला दीक्षित सरकार के कथित गलत कामों के खिलाफ चार प्राथमिकियां दर्ज कराई थीं।
आप ने जंग पर चार प्राथमिकियों पर कार्रवाई नहीं करके शीला दीक्षित का बचाव करने का आरोप लगाया है।
बुधवार को आप के 12 विधायक इस मुद्दे पर उप राज्यपाल जंग से मिलने उनके सरकारी आवास राजनिवास गए थे। बाद में विधायकों ने दावा किया कि उन्होंने उनसे मिलने से इनकार कर दिया।
दिल्ली एसीबी ने भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता की शिकायत पर सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ‘जांच में देर करने का कारण बनने’ और पानी के टैंकरों का ठेका रद्द नहीं करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की है।
dharmpath.com dharmpath