सपा के अनुसूचित जाति, जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष पासी की अध्यक्षता में गुरुवार को लाल बहादुर शास्त्री रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में बैठक हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए सुभाष पासी ने कहा कि पूरे प्रदेश में 80 विधानसभाएं आरक्षित हैं, जिसमे से समाजवादी पार्टी ने 2012 में 57 सीटों पर जीत हासिल की है। यह इस बात का सबूत है कि बसपा से ज्यादा सपा के दलित विधायक हैं।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, जन जाति की असली हितैषी समाजवादी पार्टी है, क्योंकि प्रदेश में चलाए जा रहे समाजवादी पेंशन, कन्या विद्याधन योजना, लोहिया आवास सहित सैकड़ों योजनाओं का समुचित लाभ दलितों को ही मिला है।
पासी ने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती दलित नहीं, दौलत की बेटी हैं। वह करोड़ों रुपये ऐंठकर पार्टी का टिकट उम्मीदवारों में बांटती हैं। यह इस बात का खुलासा खुद उनकी पार्टी के बड़े नेता समय-समय पर करते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश में 32 विधायक पासी बिरादरी के हैं, जिनमें से 28 पासी विधायक सपा के हैं।
पासी ने कहा कि शीघ्र ही समाजवादी पार्टी अनुसूचित जाति, जन जाति प्रकोष्ठ पूरे प्रदेश में अभियान चलाकर दलितों को जागरूक करेगी। इसके तहत शीघ्र ही बनारस में सम्मेलन होगा। कार्यक्रम का संचालन राम नरेश भारती ने किया।
dharmpath.com dharmpath