आरोपियों के पास से पुलिस को रिया की लूटी हुई स्कूटी और घटनास्थल से लूटी हुई एलसीडी सहित आला-ए-कत्ल भी बरामद हो गए हैं।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए आईजी सुजीत पांडे, एसएसपी जे. रवींद्र गौड़ और एसपी (सिटी) ओ.पी. सिंह व एसपी (क्राइम) अजय सहदेव ने संयुक्त रूप से मीडिया के सामने इस हत्याकांड का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड के खुलासे के लिए उनकी आठ टीमें लगी हुई थीं। हत्याकांड का कारण बेरुखी और लूट है। घटना का मास्टरमाइंड ठठेरवाड़ा चीकू वाली गली निवासी विकास कुमार उर्फ विक्की माहेश्वरी है।
विक्की शराब और सेक्स रैकेट के धंधे से जुड़ा है। रिया डेढ़ साल से विक्की के साथ काम करती थी। बाद में वह औरों से जुड़ गई जो बात विक्की को नागवार गुजरी तो उसने रिया के कत्ल की साजिश रच डाली।
विक्की ने रिया का कत्ल करने के लिए माधवपुरम निवासी सचिन पुत्र गोपाल सक्सेना का सहारा लिया। उसने सचिन को चंद्रप्रकाश के घर से लाखों की रकम और जेवर मिलने का लालच देकर रिया के कत्ल के लिए तैयार किया।
सचिन ने इस काम के लिए अपने साथी उदयवीर पुत्र राममनोहर को बरेली से बुलाया। घटना के दिन विक्की ने सचिन और उदय को ग्राहक बनकर रिया से चंद्रप्रकाश के घर मिलवाया। विक्की बाहर ही घूमता रहा, जबकि दोनों चंद्रशेखर के घर पर पहुंचे।
पूनम गुप्ता ने दरवाजा खोला, जिसके बाद रिया सचिन को एक कमरे में ले गई। उदय बाहर बरामदें में ही रहा। इस बीच सचिन ने चंद्रशेखर को कंडोम लाने के लिए बाहर भेज दिया। इसी बीच उसने रिया पर चाकुओं से हमला कर दिया।
आईजी ने बताया कि पूनम ने कमरे का दरवाजा तोड़कर हत्या का विरोध किया तो सचिन व उदय ने पूनम की भी चाकुओं से हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने लूट के मकसद से अलमारियां खंगालीं, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। दो की हत्या करने के बाद वे काफी डर गए थे। बाहर से दरवाजा बंद होने के कारण वे भाग नहीं सके।
इस बीच चंद्रप्रकाश गुप्ता घर लौट आया तो उन्होंने उसकी भी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी रिया के स्कूटर से मौके से फरार हो गए।
आईजी सुजीत पांडे ने बताया कि शुक्रवार को तीनों आरोपियों को सोहराब गेट से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह बरेली जाने की फिराक में थे। पुलिस ने कातिलों की निशानदेही पर रिया की स्कूटी और चंद्रप्रकाश के घर से लूटी गई एलसीडी बरामद कर ली है।
कातिलों से दो चाकू भी बरामद हुए जो कत्ल के प्रयोग किए गए थे। डीजीपी ने पुलिस टीम को बीस हजार के इनाम की घोषणा की है। वहीं आईजी ने रिया के पति पुष्पेंद्र की इस हत्याकांड में किसी भी भूमिका से इनकार किया है।
हत्यारोपी सचिन ने बताया कि वह आईपीएल के सट्टे में तीन लाख रुपये हार गया था, जिस कारण उसे रुपये की जरूरत थी। जब उसका विक्की से संपर्क हुआ तो विक्की ने बताया कि चंद्रशेखर के घर पर उसे लाखों की नगदी मिल जाएगी, लेकिन इसके लिए उसे रिया का कत्ल करना है।
इस कारण वह और उसका दोस्त उदयवीर ग्राहक बनकर चंद्रशेखर के घर गया, जहां पर उन्होंने तीन लोगों की हत्या कर दी।
dharmpath.com dharmpath