विश्व कप में रजत पदक से आत्मविश्वास बढ़ा : जीतू

बाकु (आजेरबाजन), 25 जून (आईएएनएस)। भारत के निशानेबाज जीतू राय को आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्व कप में शनिवार को 10 मीटर एयर पिस्टल में रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। उन्होंने तीन बार के ओलम्पिक चैम्पियन दक्षिण कोरिया के जोंगोह जिन को हराकर इस पदक पर कब्जा जमाया।

पदक जीतने के बाद जीतू ने कहा कि इससे इसी साल अगस्त में होने वाले रियो ओलम्पिक से पहले उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा।

राय ने फाइनल में 199.5 का स्कोर कर रजत पदक हासिल किया। ब्राजील के फेलीपे अलमेडा वु ने कुल स्कोर 200 के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। जोंगोह 178.8 का स्कोर कर कांस्य पदक अपने नाम कर पाए।

राय ने कहा, “मैं इससे काफी खुश हूं, रियो ओलम्पिक से पहले पदक जीतने से निश्चित ही मेरा आत्मविश्वास बढ़ेगा।”

यह राय का विश्व कप में छठा और इस साल दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने बैंकॉक में इस साल का पहला पदक हासिल किया था। इससे पहले जीतू 50 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में जाने से चूक गए थे।

वहीं, महिलाओं में 25 मीटर स्पर्धा में हिना सिद्धू ने 582 का स्कोर कर पांचवां स्थान हासिल किया।

अन्य भारतीय खिलाड़ियों में ओमकार सिंह ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में 575 के कुल स्कोर के साथ 28वां स्थान हासिल किया। वहीं, गुरप्रीत सिंह ने 569 का स्कोर कर 42वां स्थान हासिल किया।

महिला 10 मीटर एयर पिस्टल अनिसा सयैद ने 572 के कुल स्कोर के साथ 32वां स्थान हासिल किया। वहीं, सुरभी पाठक को 34वां स्थान मिला।

पुरुष युगल मुकाबले में अनुराग मित्तल भारतीय खिलाड़ियों में सबसे आगे रहे। उन्होंने क्वालीफाइंग में 137 का स्कोर कर नौैवां स्थान हासिल किया। संग्राम दहिया को 14वां स्थान मिला, जबकि मोहम्मद असब को 15वां स्थान मिला।

–आईएएनएस

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493