मुम्बई, 26 जून (आईएएनएस)। स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी सीजन-4 के मुम्बई चरण के दूसरे दिन रविवार को बेंगलुरू बुल्स टीम का सामना बंगाल वॉरियर्स से होगा जबकि पुनेरी पल्टन का सामना यू मुम्बा से होगा।
एनएससीआई स्टेडियम में जारी सीजन-4 के पहले चरण के मुकाबलों के पहले दिन शनिवार को पल्टन ने तेलुगू टाइटंस को हराया था जबकि बीते साल की उपविजेता यू मुम्बा ने जयपुर पिंक पैंथर्स को पटखनी दी थी।
सीजन-4 का पहला दिन ग्लेमर और खेल के रोमांच से भरा रहा था। जयपुर टीम के मालिक अभिनेता अभिषेक बच्चन को अपने ही घर में मुम्बई कबड्डी प्रेमियों से निराशा मिली थी क्योंकि मुम्बई के लोग उनकी नहीं बल्कि यू मुम्बा टीम का समर्थन रहे थे।
अभिषेक इसे लेकर काफी नाराज भी दिखे थे और उनकी नाराजगी साफ दिखी भी थी। यही इस खेल का रोमांच है। स्थानीय लोग स्टारडम से प्रेरित होकर किसी टीम का समर्थन नहीं कर रहे हैं बल्कि उनका झुकाव साफ तौर पर अपनी घरेलू टीम के साथ है।
पहले दिन अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, शाहरुख खान, रणवीर कपूर, कपिल शर्मा और खुद अभिषेक ने कबड्डी के समर्थन में एनएससीआई स्टेडियम का रुख किया था। दूसरे दिन भी यहां ग्लेमर की झलक मिल सकती है।
स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी सीजन-4 का पहला मैच रात आठ बजे और दूसरा मैच 9 बजे से खेला जाएगा और इन सभी मैचों का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों पर किया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath