यूरो 2016: उत्तरी आयरलैंड को मात दे वेल्स क्वार्टर फाइनल में

पेरिस, 26 जून (आईएएनएस)। वेल्स ने यूरोपियन फुटबाल चैम्पियनशिप 2016 में शनिवार को नॉकआउट दौर (अंतिम-16) में हुए मुकाबले में उत्तरी आयरलैंड को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

उत्तरी आयरलैंड को अपनी ही टीम की ओर से की गई गलती का खामियाजा भुगतना पड़ा।

मुकाबले के पहले हाफ में दोनों टीमों की ओर से गोल दागकर बढ़त बनाने का संघर्ष चलता रहा, लेकिन मध्यांतर तक यह जद्दोजहद चलती रही और एक भी गोल नहीं हुआ।

मध्यांतर के बाद एक बार फिर दोनों टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरीं। मुकाबले के 75वें मिनट में कुछ ऐसा हुआ, जो उत्तरी आयरलैंड और वेल्स दोनों ही टीमों की उम्मीद से बाहर था।

उत्तरी आयरलैंड के खिलाड़ी गारेथ मेकुले ने अपनी ही टीम के नेट पर गोल कर दिया, जिसके कारण वेल्स को मुकाबले में 1-0 की बढ़त मिल गई।

मेकुले की इस गलती का खामियाजा टीम को अपनी हार के रूप में चुकाना पड़ा और वेल्स ने जीत हासिल कर यूरो 2016 के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश पा लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493