नेपीथा, 26 जून (आईएएनएस)। म्यांमार के अयेयावाड्डी क्षेत्र में किसानों की जब्त की गई 2,500 एकड़ से ज्यादा भूमि पंतानौ और प्यापोन उपनगरों में किसानों को लौटा दी गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, उप राष्ट्रपति यू हेनरी वान तियो ने कहा है कि शेष भूमि को भी छुड़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिग्रहित कृषि भूमि पर केंद्रीय समीक्षा समिति के अध्यक्ष उप राष्ट्रपति ने पंतानौ उपनगर में किसानों को बताया कि सरकार किसानों को अधिग्रहित भूमि लौटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थित प्रयास कर रही है। सरकार ने क्षेत्रीय प्रशासन से कानून के दायरे में रहते हुए भूमि विवाद सुलझाने के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया है।
इसी बीच, मंडाले क्षेत्र में किसानों को 445 हेक्टेयर से भी ज्यादा भूमि लौटाने के लिए योजनाएं चल रही हैं।
नई सरकार ने कार्यभार संभालने के एक महीने के भीतर ही खेत अधिग्रहण मुद्दे के त्वरित समाधान और खाली पड़ी जमीन को उनके कानूनी मालिकों को लौटाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता पर क्रियान्वन शुरू कर दिया था।
पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान 2012 में खेत कानून के तहत निजी कंपनियों और सरकारी विभागों को खेतों समेत अन्य भूमियों के अधिग्रहण की अनुमति प्रदान की गई थी।
इस कदम से सरकार, भूमि मालिकों और निवेशकों के बीच मालिकाना हक को लेकर मतभेद शुरू हो गए थे।
dharmpath.com dharmpath