पनामा सिटी, 27 जून (आईएएनएस)। विस्तारित पनामा नहर से 2021 तक सालाना आय में दो अरब डॉलर से अधिक वृद्धि दर्ज की जा सकती है। यह बात आधिकारिक रिपोर्टों में कही गई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक पनामा नहर के अपेक्षाकृत बड़े लेन का रविवार को उद्घाटन हुआ। इसे देखने के लिए पनामा के हजारों नागरिक और चाइना ओसन शिपिंग कंपनी (कॉस्को) के प्रतिनिधि मौजूद थे, जिसके जहाज को सर्वप्रथम विस्तारित नहर से होकर गुजरने का अवसर मिला।
नहर का विस्तार इस मकसद से किया गया है कि विशालकाय नियोपनामैक्स जहाज भी इस मार्ग से होकर गुजर सके।
नहर के उद्घाटन अवसर पर पनामा के राष्ट्रपति जुआन कार्लोस वरेला ने कॉस्को इस ऐतिहसिक अवसर की याद में एक पुरस्कार दिया और कंपनी ने भी बदले में उन्हें चीन के जहाज का एक मॉडल भेंट किया।
सरकारी पनामा न्यूज एजेंसी ने रविवार को पनामा कैनाल अथॉरिटी (एसीपी) के हवाले से कहा कि कॉस्को ने अपने इस जहाज को इस अवसर के सम्मान में कॉस्को शिपिंग पनामा का नया नाम दिया। इस जहाज के साथ करीब 160 जहाजों ने इस नहर से गुजरने के लिए बुकिंग की है।
एसीपी के मुताबिक नहर का विस्तार कार्य 2006 में शुरू हुआ था। इस पर कम से कम 5.5 अरब डॉलर खर्च हुआ है और इस निवेश की वसूली हो जाएगी।
एसीपी के वित्तीय प्रमुख फ्रांसिस्को मिगुएज ने कहा कि विस्तारित नहर से विशालकाय जहाजों का आवागमन सुचारू हो जाने के बाद अगली तिमाही में ही कुछ अधिक स्पष्टता से कहा जा सकेगा कि निकट अवधि में कैसी आय रहेगी।
dharmpath.com dharmpath