चीन में 30 नकली कॉलेज बेनकाब

बीजिंग, 27 जून (आईएएनएस)। चीन विश्वविद्यालयोंकी जानकारी देने वाली एक वेबसाइट ने देश के 30 नकली कॉलेजों की सूची जारी की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक एसडीएएक्सयूई डॉट कॉम द्वारा छठी बार इस तरह की सूची जारी की गई है। अब तक इस वेबसाइट ने साल 2010 से कुल 400 फर्जी विश्वविद्यालयों का पर्दाफाश किया है।

एसडीएएक्सयूई डॉट कॉम के संस्थापक शिया शू का कहना है कि देश भर के लोगों ने इन नकली कॉलेजों की जानकारी ईमेल और सोशल मीडिया के जरिए वेबसाइट को दी। इसके बाद वेबसाइट स्टाफ ने इनकी जांच की।

ये नकली कॉलेज चीन के 12 प्रांतों में स्थित हैं जिनमें बीजिग, शंघाई और शानदोंग शामिल हैं।

अतीत में, बेनकाब किए गए स्कूल नामीगिरामी विश्वविद्यालयों के मिलते-जुलते नाम रखते थे या उनके जैसी दिखने वाली वेबसाइट बनाते थे। इस बार पकड़े गए 30 में 22 नकली विश्वविद्यालयों ने राष्ट्रीय प्रौढ़ शिक्षा परीक्षा के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने वाली निजी संस्थाओं की नकल की, जिसे विश्वविद्यालय की डिग्री पाने के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

शिया ने कहा, “जब वे जाने-माने संस्थानों से मिलते जुलते नकली नाम का इस्तेमाल करते हैं, तो उन्हें पकड़ना आसान है। लेकिन, जब वे कम जाने माने संस्थानों से मिलते जुलते नाम का इस्तेमाल करते हैं, तो उन्हें पकड़ना मुश्किल हो जाता है।”

शिया के मुताबिक, ये नकली विश्वविद्यालय नामांकन के लिए नोटिस भेजते हैं, जिनमें उनके बैंक अकाउंट का भी नंबर होता है। पहले असली स्कूल भी ऐसा ही करते थे, ताकि छात्र ट्यूशन फी उनके अकाउंट में जमा करा सकें।

तीन प्रांतों गुआंगडोंग, शानडोंग और हुनान के नकली कॉलेजों ने एक ही आईपी एड्रेस का इस्तेमाल किया, जिसे हांगकांग में पंजीकृत किया गया था। इससे एक ही ठग द्वारा कई कॉलेजों को चलाने की संभावना प्रतीत होती है।

शिक्षा विभाग के अधिकारी पुलिस के साथ मिलकर इन नकली संस्थानों की जांच करने और उन्हें बंद कराने के लिए कार्रवाई कर रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493