चंडीगढ़, 27 जून (आईएएनएस)। हरियाणा में 10 व्यक्तियों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई एक युवती ने अभिनेता सलमान खान को कानूनी नोटिस भेजकर उन्हें दुष्कर्म पर उनकी टिप्पणी के लिए माफी मांगने को कहा है। पीड़िता ने सलमान से दुष्कर्म पीड़िताओं का अपमान करने की एवज में 10 करोड़ रुपये की मांग भी की है।
हिसार जिले की सामूहिक दुष्कर्म की शिकार पीड़िता ने सलमान को मुंबई स्थित उनके ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट्स’ के पते पर अपने वकील के जरिए शनिवार को नोटिस भेजा।
पीड़िता ने नोटिस में कहा है कि सलमान खान ने दुष्कर्म पीड़ित महिला की स्थिति से मुश्किल दृश्य की तुलना करके दुष्कर्म पीड़िताओं की दुर्दशा का मजाक बनाने का प्रयास किया है।
चार साल पहले हिसार में 10 लोगों ने इस युवती का अपहरण करके उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। अदालत ने दोषियों को आजन्म कारावास की सजा दी है, जबकि पीड़िता उनके लिए फांसी की सजा मांग रही है।
पीड़िता के पिता ने इस घटना के बाद आत्महत्या कर ली थी।
सलमान से यह पूछे जाने पर कि उन्हें ‘सुल्तान’ की कठिन शूटिंग के दौरान कैसा महसूस होता था, उन्होंने जवाब में कहा था कि उन्हें ‘दुष्कर्म की शिकार महिला जैसा महसूस होता था, क्योंकि शूटिंग के बाद वह खड़े भी मुश्किल से हो पाते थे।’
सलमान के इस बयान की सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना हुई। सलमान के पिता और लेखक सलीम खान ने अपने बेटे की ओर से माफी मांगते हुए स्वीकार किया है कि उनकी टिप्पणी गलत थी।
अभिनेता के खिलाफ कानपुर और लखनऊ की अदालतों में भी मामला दर्ज किया गया है।
dharmpath.com dharmpath