भोपाल, 27 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के मुख्य प्रवक्ता और आपातकाल के दौरान जेल गए के.के. मिश्रा ने आपातकाल की 41वीं बरसी पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि माफी मांगकर जेल से छूटने वाले अब घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।
मिश्रा ने सोमवार को एक बयान जारी कर आपातकाल के दौरान माफी मांगकर छूटे भाजपा व संघ के नेताओं द्वारा कांग्रेस की आलोचना को घड़ियाली आंसू बहाना बताया। उनका कहना है कि कांग्रेस कई बार कह चुकी है कि यह उसकी राजनीतिक भूल थी, इसे जनता ने माना भी, यही कारण है कि लोगों ने आपातकाल के बाद कांग्रेस को कई दफा सत्ता सौंपी।
मिश्रा ने कहा कि विश्वविद्यालयीन छात्र नेता के रूप में कांग्रेसी होने के बावजूद वे इंदौर की जिला जेल में बंद रहे थे। वर्तमान में भाजपा के शीर्ष कहे जाने वाले कई दिग्गज नेता भी इस दौरान इंदौर जिला जेल में ही बंद थे, जो माफीनामा लिखकर और आपातकाल का समर्थन कर जेल से छूटे थे, यही नहीं संघ परिवार से संबद्ध राष्ट्रीय विचारक और इंदौर क्रिश्चियन कॉलेज से संबद्ध व उच्च शिक्षा अनुदान आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. ओम नागपाल ने देश के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आपातकाल की वकालात करते हुए अपने लेख में इसे जरूरी भी बताया था।
उन्होंने रविवार को आपातकाल की बरसी पर भाजपा नेताओं की मौजूदगी में प्रदेश मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में पार्टी की संस्थापक सदस्य विजयाराजे सिधिंया की तस्वीर को मंच पर अन्य नेताओं के साथ रखने की बजाय जमीन पर रखे जाने पर सवाल उठाया। उनका कहना है कि आपातकाल के दौरान विजयाराजे किसी जेल में न रहकर पंचमढ़ी स्थित सर्किट हाउस में बंद रही थीं।
dharmpath.com dharmpath