बेंगलुरू, 28 जून (आईएएनएस)। बेंगलुरू में 40 वर्षीया महिला कैब चालक अपने किराये के घर में मृत पाई गई।
संजय नगर के पुलिस इंसपेक्टर प्रकाश ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया, “यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। मृतक वी.भारती का शव सोमवार रात उसके कमरे की छत से फंदे के सहारे लटका मिला।”
घर से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।
प्रकाश ने बताया, “मकान मालिक अपने घर की तीसरी मंजिल पर भारती का हालचाल पूछने गया, जहां वह किराये पर रहती थी। मकान मालिक ने भारती को रविवार रात से ही नहीं देखा था। उसने कमरे की खिड़की से भारती के शव को फंदे से झूलता पाया और तुरंत इसकी सूचना दी।”
आंध्र प्रदेश के गुंटूर की भारती अकेले रहती थी। उसकी शादी नहीं हुई थी और वह अनाथ थी। उसकी कैब नागाशेट्टीहाली कॉलोनी में उसके घर के सामने खड़ी थी।
प्रकाश ने बताया, “हमारे रिकॉर्डो के मुताबिक, भारती शहर में सबसे पहली महिला कैब चालकों में से एक थी। उसने दो साल पहले ही महिला कैब सेवा ‘एंजेल सिटी कैब्स’ में काम करना शुरू किया था।”
dharmpath.com dharmpath