भोपाल, 28 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में मानसून दस्तक दे चुका है, मगर अब तक प्रदेश के आधे हिस्से में सामान्य से कम और अल्प-वर्षा ही हुई है।
राज्य सरकार की ओर से एक जून से 27 जून तक हुई वर्षा के जो आंकड़े जारी किए गए हैं, उनके मुताबिक प्रदेश के 51 जिलों में से सात जिलों में सामान्य से अधिक, 20 जिलों में सामान्य, 15 जिलों में सामान्य से कम और नौ जिलों में अल्प-वर्षा हुई है।
आंकड़े के अनुसार, प्रदेश के जिन जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है, उनमें मुरैना, भिण्ड, ग्वालियर, अशोकनगर, दतिया, सीहोर और शहडोल शामिल हैं। सामान्य वर्षा वाले जिले कटनी, मण्डला, पन्ना, इंदौर, खण्डवा, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, रतलाम, देवास, शाजापुर, श्योपुरकलां, शिवपुरी, गुना, भोपाल, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, होशंगाबाद और छिन्दवाड़ा हैं।
इसी प्रकार सामान्य से कम वर्षा वाले जिले जबलपुर, सागर, दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, सिंगरौली, अनूपपुर, उमरिया, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, हरदा, बैतूल और खरगोन हैं। अल्प-वर्षा वाले जिले बालाघाट, सिवनी, डिण्डोरी, नरसिंहपुर, सीधी, सतना, झाबुआ, बुरहानपुर और आगर-मालवा हैं।
dharmpath.com dharmpath