लखनऊ, 28 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित सिटी मांटेसरी स्कूल (सीएमएस) पर आतंकवादी हमले की साजिश की सूचना इंटेलिजेंस ब्यूरो से मिलने के बाद जांच के दौरान मंगलवार को सीएमएस की शाखाओं में खलबली मची रही।
अधिकारियों का दावा है कि आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस), स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), स्थानीय अभिसूचना ईकाई (एलआईयू) और स्थानीय पुलिस की सघन जांच के बाद सब कुछ सामान्य पाया गया है।
जांच के दौरान लखनऊ स्थित सीएमएस की शाखाओं में खलबली मची रही। अभिभावक अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूल पहुंच गए। इससे पहले पुलिस भी स्कूल पहुंच कर वहां डट गई।
इस बीच सीएमएस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 29 व 30 जून और एक जुलाई को पूर्व घोषित अवकाश रहेगा। स्कूल दो जुलाई को खुलेंगे।
आतंकवादी हमले की साजिश की सूचना इंटेलिजेंस ब्यूरो ने करीब आठ-नौ दिन पहले ही प्रशासन को दी थी।
पुलिस महानिरीक्षक ए. सतीश गणेश ने बताया कि सूचना पर काम करना पुलिस की जिम्मेदारी है। पुलिस ने अपना काम कर भी लिया है। फिलहाल अनहोनी की कोई आशंका नहीं है।
उन्होंने अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन से लेकर शिक्षक और कर्मचारियों को किसी भी तरह से परेशान नहीं होने की अपील की। हालांकि उन्होंने सभी से सजग रहने की अपील की है।
गणेश ने कहा कि सभी छात्रों, शिक्षक और अन्य कर्मचारियों को पहचानपत्र अवश्य दें। उसी के आधार पर विद्यालय परिसर में प्रवेश दें। अनजान व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगाई जाए।
उन्होंने कहा कि स्कूल में सीसीटीवी कैमरे के साथ सुरक्षाकर्मियों की व्यवस्था भी हो। हर आने-जाने वाले को पूरा ब्योरा रखा जाए। नौ से 12वीं कक्षा तक के बच्चों को आई-कार्ड के बिना प्रवेश न दें। इन्हें स्कूल के एक अलग गेट से प्रवेश दिया जाए, ठीक से जांच की जाए।
dharmpath.com dharmpath