शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार आज

भोपाल, 30 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रहे हैं। शाम पांच बजे राजभवन में राज्यपाल रामनरेश यादव नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। मंत्रिमंडल विस्तार में 10 नए मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है।

राज्य के तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद चौहान के मंत्रिमंडल का यह पहला विस्तार है। नए मंत्रियों को लेकर भोपाल से लेकर दिल्ली तक कवायद चली। मुख्यमंत्री चौहान स्वयं बुधवार को पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्घे के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, संगठन महामंत्री रामलाल आदि से मिले थे और संभावित मंत्रियों के नामों पर चर्चा की।

राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जारी हैं। नए और संभावित मंत्रियों के नामों का अभी खुलासा नहीं किया गया है, पर सूत्रों के अनुसार, अर्चना चिटनीस, जयभान सिंह पवैया, रामलाल रौतेल, रुस्तम सिंह, विश्वास सारंग को संभावित मंत्रियों के रूप में देखा जा रहा है।

भाजपा सूत्रों का कहना है कि तीन बुजुर्ग मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, वहीं छह से ज्यादा मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया जा सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493