बिहार : जहां-जहां कन्हैया गए, वहां-वहां छिड़का गंगाजल

बेगूसराय, 1 जुलाई (आईएएनएस)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार के बेगूसराय आगमन और उनके कार्यक्रमों का अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अनोखे तरीके से विरोध जताया। उन्होंने उन सभी जगहों पर गंगाजल का छिड़काव किया, जहां-जहां कन्हैया गुरुवार को गए थे।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कन्हैया के सभास्थल पर हवन का आयोजन भी किया।

एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले कन्हैया के सभास्थल पर हवन किया। उसके बाद कार्यकर्ता कॉलेजिएट स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे परिसर में गंगाजल छिड़का। कॉलेजिएट स्कूल के बाद कार्यकर्ता शहर में स्थापित उन महापुरुषों की प्रतिमाओं को भी गंगाजल से धोया, जिन महापुरुषों की प्रतिमा पर कन्हैया ने माल्यार्पण किया था। इसके बाद एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने उन प्रतिमाओं पर फिर से माल्यार्पण किया।

आरएसएस की छात्र शाखा एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री अजीत चौधरी ने कहा, “कन्हैया देशद्रोही है और उसके बेगूसराय आगमन से बेगूसराय की धरती अपवित्र हुई है। कन्हैया ने महापुरुषों को छूकर उन महापुरुषों को न सिर्फ अशुद्ध किया है, बल्कि उनके मान-सम्मान को भी कलंकित किया है।”

इधर, एबीवीपी के शुद्धिकरण टोटके को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन (एआईएसएफ) ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। एआईएसएफ के जिला परिषद सदस्य रामकृष्णा ने कहा कि इससे एबीवीपी से जुड़े युवकों की विकृत मानसिकता का पता चलता है। यह वही मनुवादी, जातिवादी मानसिकता है, जो छुआछूत को सही ठहराती है।

कन्हैया कुमार ने गुरुवार को बेगूसराय में एक सभा को संबोधित किया था। वह इन दिनों अपने पैतृक गांव बिहटा आए हुए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493