नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए आतंकी हमले के बाद सरकार ने शनिवार को पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और असम सहित देश के सीमावर्ती राज्यों में हाई अलर्ट कर दिया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ)और अन्य एजेंसियों को अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
एक सूत्र ने कहा, “पश्चिम बंगाल, असम, त्रिपुरा और मेघालय के सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा किए जाने की जरूरत है।”
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों से बांग्लादेश की ताजा स्थिति की जानकारी ली।
सूत्र ने कहा, “अब तक मिली रिपोर्ट में कहा गया है कि ढाका में भारतीय उच्चायोग के कर्मी सुरक्षित हैं।”
बांग्लादेश में हाल ही में आतंकवादी इस्लामिक हिंसा में वृद्धि देखी गई है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, त्रिपुरा और असम की सरकारों ने हाल ही में बांग्लादेश स्थित इस्लामिक संगठनों की गतिविधियों के बारे में सूचना दी।
dharmpath.com dharmpath