हेलसिंकी, 2 जुलाई (आईएएनएस)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यहां शुक्रवार को कहा कि रूस फिनलैंड के नाटो में शामिल होने या न होने के फैसले का स्वागत करेगा। मगर फिनलैंड अगर नाटो का सदस्य बनता है तो उसे अच्छा नहीं लगेगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन ने कहा कि अगर फिनलैंड नाटो का सदस्य बनता है तो उसे अंजाम भुगतना होगा। उन्होंने कहा कि नाटो रूस के खिलाफ लड़ रहा है और चाहता है कि ‘फिनलैंड के आखिरी सैनिक के जिंदा रहने तक वह रूस से लड़ता रहे।’
पुतिन ने फिनलैंड के सुरक्षा बलों को चेतावनी दी कि वे नाटो का हिस्सा बनने पर स्वतंत्र नहीं रहेंगे और वे नाटो का हिस्सा बन जाएंगे जो रूस की सीमा तक आ पहुंचे हैं।
पुतिन ने ये बातें अपने फिनलैंड के समकक्ष साउली निनिस्टो से बैठक के बाद आयोजित संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान कहीं। वह यहां एक दिन के दौरे पर शुक्रवार की दोपहर निनिस्टो के ग्रीष्मकालीन आवास नानटाली आए थे।
वहीं, निनिस्टो ने उक्रेन और बाल्टिक सागर क्षेत्र के तनाव के संदर्भ में कहा कि विश्वास बहाली के लिए छोटे-छोटे कदम उठाने की जरूरत है।
निनिस्टो ने उक्रेन संकट पर शांति वार्ता की प्रगति के लिए रूस के खिलाफ लगे प्रतिबंधों के संभावित निराकरण की बात कही।
पुतिन ने दावा किया कि रूस कभी उकसानेवाली हरकत नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम ने क्रीमिया और उक्रेन में उकसानेवाली हरकतें की हैं। उन्होंने कहा कि बाल्टिक सागर में भी तनाव बढ़ाने की कोशिशें हो रही हैं।
dharmpath.com dharmpath