लंदन, 3 जुलाई (आईएएनएस)। ब्रेक्जिट के खिलाफ मध्य लंदन में शनिवार को एक रैली निकाली गई जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारी यूरोपीय संघ (ईयू) से अलग होने के पक्ष में जनमत संग्रह के फैसले के खिलाफ बैनर लहरा रहे थे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार यूरोपीय संघ में बने रहने के पक्ष में प्रदर्शन का आह्वान हास्य कलाकार मार्क थॉमस ने सोशल मीडिया पर किया था। यह हाइड पार्क से शुरू हुआ। प्रदर्शनकारी संसद स्क्वायर की ओर बढ़े जहां रैली को संबोधित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान लोग हाथ में बैनर और तख्तियां लिए हुए थे जिस पर ‘कृपया ब्रेक्स नहीं, ‘हम ब्रिटिश हैं’, ‘मैं ईयू के अंदर रहना चाहता हूं’, ‘सभी ईयू को प्यार चाहिए’ और ‘विज्ञान को ईयू चाहिए’ आदि नारे लिखे हुए थे।
प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने कहा कि जनमत संग्रह के फैसले का सम्मान किया जाएगा। 52 प्रतिशत लोगों ने ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से अलग होने के पक्ष में मत दिया है। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश सरकार ने ईयू से निकलने के लिए जटिल वार्ताओं की तैयारी शुरू कर दी है।
‘स्काई न्यूज’ के अनुसार पार्लियामेंट स्कवायर पर मंच से लेबर पार्टी के नेता लॉर्ड कैशमैन ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “ब्रिटिश लोगों को प्रजातांत्रिकमूल्यों और समग्रता को बरकरार रखना चाहिए जो यूरोपीय संघ और इस देश के लिए बेहद खास हैं।”
dharmpath.com dharmpath