तिरुवनंतपुरम, 3 जुलाई (आईएएनएस)। केरल में सबरीमाला मंदिर प्रबंधन ने चार्टर्ड एकाउंटेंटों की तीन दिवसीय ‘आवासीय बैठक’ पर रोक लगा दी है।
आयोजकों ने इस बैठक की सारी तैयारियां कर ली थीं और वेबसाइट पर निमंत्रण भी साझा कर दिए थे।
त्रावणकोर देवासम बोर्ड (टीडीबी) के सदस्य और मंदिर के प्रबंधन का कार्य संभालने वाले अजय थरायिल ने आईएएनएस को बताया, “यह तय किया गया कि इस बैठक का आयोजन अनुचित होगा, क्योंकि उन दिनों मंदिर खुला रहता है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद रहते हैं।”
थरायिल ने कहा, “हालांकि, हमने कहा है कि यह बैठक पंबा के मंदिर की तलहटी में हो सकती है। ऐसी ही एक बैठक पिछले माह हुई थी।”
‘इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई)’ की कोल्लम स्थित शाखा दक्षिण भारत क्षेत्रीय परिषद (एसआईआरसी) द्वारा आवासीय बैठक का आयोजन किया गया था। यह 18 से 20 जुलाई तक होनी थी, जिसमें शामिल होने वाले चार्टर्ड एकाउंटेंटों को प्रतिदिन भगवान अयप्पा के दर्शनों का अवसर मिलता।
इस बैठक में करीब 100 चार्टर्ड एकाउंटेंटों के हिस्सा लेने की उम्मीद थी, जिसमें ‘लेखा मानकों और एसएमई ²ष्टिकोण’ तथा ‘आयकर अधिनियम के तहत खोज और जब्ती’ जैसे विषयों पर चर्चा होनी थी।
कोल्लम स्थित एसआईआरसी शाखा के चेयरमैन एस. रणजीत ने कहा कि वह रविवार के समाचार पत्र में प्रकाशित सूचना से काफी हैरान हैं।
रणजीत ने कहा, “सभी प्रबंध हो चुके थे। अब इस बदलाव से हम उस जगह बैठक का आयोजन नहीं कर सकेंगे जहां इसका आयोजन मूल रूप से होना था। अब हमें तय करना होगा कि क्या किया जाए।”
पश्चिमी घाट की पहाड़ियों पर समुद्र तल से 914 मीटर की ऊंचाई पर स्थित सबरीमाला मंदिर, पथानामथिट्टा जिले में पम्पा नदी से चार किलोमीटर ऊपर स्थित है।
यह मंदिर भगवान अयप्पा को समर्पित है और केरल के लोकप्रिय मंदिरों में से एक है।
dharmpath.com dharmpath