ढाका हमले के 3 हमलावरों को पूर्व सहपाठियों ने पहचाना

ढाका, 3 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका के एक प्रमुख रेस्तरां में बंधक बनाकर 20 विदेशी नागरिकों की हत्या करने वाले आतंकवादियोंमें से तीन की पहचान उनके पूर्व सहपाठियों ने कर ली है। आतंकवादियों की जारी की गईं तस्वीरों के जरिए उनके सहपाठियों ने उनकी पहचान की।

वेबसाइट ‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ पर रविवार को प्रसारित खबर के अनुसार, एक आतंकवादी की ढाका के एक निजी विश्वविद्यालय में उसके साथ पढ़ चुके मित्रों ने निब्रास इस्लाम के रूप में पहचान की है।

एक प्रवासी बांग्लादेशी ने अपने फेसबुक पृष्ठ पर दो हमलावरों की साथ में ली गई तस्वीर साझा की है, जिनमें से एक की पहचान मीर सबीह मुबश्शर के रूप में की है।

ढाका के एक स्कूल में मुबश्शर के साथ पढ़ चुके एक मित्र के हवाले से इस पोस्ट में कहा गया है कि मुबश्शर ए-लेवल की परीक्षा देने से पहले मार्च से ही लापता हो गया था।

इसी स्कूल में पढ़ चुके महबूब राजीब ने एक अन्य हमलावर रोहन इम्तियाज की उनके परिवार के साथ ली गई तस्वीर साझा की है।

ढाका के एक रेस्तरां में शुक्रवार को हुए इस आतंकवादी हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने ली है। सात हमलावरों में से छह को शनिवार शाम तक सुरक्षा बलों ने मार गिराया, जबकि एक अन्य आतंकवादी को जख्मी हालत में गिरफ्तार कर लिया गया।

आंतकवाद निगरानी समूह एसआईटीई ने शनिवार की रात हमलावर आतंकवादियों की तस्वीरें जारी कीं। पुलिस ने भी मारे गए आतंकवादियों की तस्वीरें प्रसारित की हैं।

पुलिस प्रमुख ए. के. एम. शहीदुल हक ने कहा कि मार गिराए गए आतंकवादियों में से पांच पहले से घोषित आतंकवादी थे और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने उनकी पहचान ‘आकाश’, ‘बिकास’, ‘डॉन’, ‘बंधोन’ और ‘रिपोन’ के रूप में की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493